App

'बांसुरी बजाने से फुर्सत नहीं': जमुई में नाबालिग से बदसलूकी पर IP गुप्ता ने SP को हटाने की मांग की

Jamui News: जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. सहरसा के विधायक एवं इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आइपी गुप्ता ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जमुई SP को हटाने की मांग की.

'बांसुरी बजाने से फुर्सत नहीं': जमुई में नाबालिग से बदसलूकी पर IP गुप्ता ने SP को हटाने की मांग की
Image Credit: आइपी गुप्ता, सहरसा के विधायक एवं इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष

Jamui News: बिहार के जमुई जिला में नबालिग छात्र-छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. परिसदन में प्रेसवार्ता के दौरान सहरसा के विधायक एवं इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आइपी गुप्ता ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जमुई SP विश्वजीत दयाल को हटाने की मांग की.

पुलिस का डर खत्म होने का आरोप
विधायक आइपी गुप्ता ने कहा कि दिनदहाड़े स्कूल और कोचिंग जा रहे नाबालिग बच्चों के साथ इस तरह की अमर्यादित घटना से स्पष्ट है कि जिले में पुलिस प्रशासन का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है. उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का तनिक भी भय नहीं रहा. उन्होंने आरोप लगाया कि जमुई में लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है, लेकिन जिला पुलिस अपराध की रोकथाम करने में पूरी तरह विफल नजर आ रही है.

एसपी पर साधा निशाना
विधायक आइपी गुप्ता ने जमुई की पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिले के एसपी विश्वजीत दयाल पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिले में पुलिस प्रशासन का डर अब खत्म होता जा रहा है और अपराधियों के बीच पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है. एसपी पर तंज कसते हुए विधायक ने कहा कि यहां के एसपी को 'बांसुरी बजाने से फुर्सत नहीं है.' विधायक आइपी गुप्ता ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से जमुई एसपी विश्वजीत दयाल को वापस बुलाने की मांग भी की.

पुलिस व्यवस्था में सुधार और कार्रवाई की मांग
विधायक ने कहा कि नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ हुई घटना ने जिले की पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई जरूरी है. साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की.

रिपोर्ट: अभिषेक निरला

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More