ADM साहब के बाद अब परिवहन विभाग के दारोगा पर बड़ी कार्रवाईः EOU ने एक साथ कई ठिकानों पर मारा छापा
कैमूर के मोहनिया चेक पोस्ट पर तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया है. इस दौरान अधिकारियों को करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति मिलने की बात सामने आई है.
कैमूर के मोहनिया चेक पोस्ट पर तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है. आर्थिक अपराध इकाई ने विशेष निगरानी न्यायालय पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई शुरू की है. जानकारी के मुताबिक, ईओयू की टीम ने आज (बुधवार, 30 सितंबर) सुबह अमित कुमार गुप्ता के भोजपुर स्थित निजी आवास और दानापुर के साईं वरदान सिटी स्थित फ्लैट नंबर 609 पर एक साथ छापा मारा. दोनों ठिकानों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है.
अकूत संपत्ति जुटाने का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, EOU अधिकारियों को अमित कुमार के प्रारंभिक जांच में ज्ञात आय के वैध स्रोतों से 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं. जांच के अनुसार, यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 148.10 प्रतिशत अधिक बताई गई है.
EOU के आधिकारिक जवाब का इंतजार
हालांकि, EOU की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. ईओयू के अधिकारियों ने कहा कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी. EOU के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस छापेमारी के दौरान कितनी नकदी, कितने रुपये के आभूषण और जमीन-जायदाद से जुड़े दस्तावेज हासिल हुए. संपत्ति संबंधी अन्य साक्ष्यों से आरोपों की पुष्टि हो सकेगी.
पटना से आरा तक छापेमारी
बताया जा रहा है कि प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार ने अवैध तरीके से कमाई करके अकूत संपत्ति अर्जित की है. वह पहले पटना में पदस्थापित थे और हाल ही में मोहनिया चेक पोस्ट पर पोस्टिंग हुई थी. भोजपुर आने के बाद उन्होंने आरा के गिरिजा मोड पर उन्होंने एक भव्य मकान बनाया है. वहां पर भी आर्थिक अपराध इकाई की टीम पहुंची हुई है. भोजपुर जिला ट्रक ओनर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अजय यादव ने उनके खिलाफ शिकायत की थी.