तेजस्वी यादव के लिए सीएम सम्राट चौधरी ने राम कृपाल को कुर्सी से उठाया, MLC शपथ ग्रहण समारोह में दिखा दिलचस्प नजारा
बिहार विधान परिषद में नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी विधान परिषद पहुंचे. कार्यकारी सभापति रामबचन राय ने नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. एमएलसी शपथ ग्रहण समारोह में तेजस्वी यादव के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राम कृपाल यादव को कुर्सी से उठा दिया. दरअसल, शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधान परिषद के सभापति और तमाम नेता मौजूद थे, लेकिन विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के लिए कुर्सी नहीं लगी थी. जैसे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नजर जैसे ही तेजस्वी यादव पर पड़ी, उन्होंने तेजस्वी यादव के लिए राम कृपाल को कुर्सी से उठाया और उस पर तेजस्वी को बिठाया. बाद में राम कृपाल के लिए अलग कुर्सी लगाई गई. खास बात यह रही कि तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव के बगल में बैठे और दोनों नेताओं के बीच बातचीत भी हुई.
कार्यकारी सभापति रामबचन राय ने नवनिर्वाचित सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ लेने वालों में नीरज कुमार, अनिल कुमार झा, एनके यादव, डॉ. संजीव कुमार, सुरेश प्रसाद राय, नरेंद्र प्रसाद सिंह, राहुल राज और बंशीधर ब्रजवासी शामिल रहे.
नीरज कुमार ने मतदाताओं और नेतृत्व का जताया आभार
शपथ ग्रहण के बाद जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने इसे शुभ दिन बताते हुए कहा कि बिहार विधान परिषद एक ऐसा उच्च सदन है, जहां गणेश दत्त, बटुकेश्वर दत्त और नीतीश कुमार जैसी शख्सियतें सदस्य रह चुकी हैं. इस सदन का सदस्य बनना उनके लिए गौरव की बात है. उन्होंने पार्टी नेतृत्व और मतदाताओं के प्रति आभार जताया.
तेजस्वी यादव के कोर्ट जाने के बयान पर नीरज कुमार ने कहा कि कोर्ट जाने की उनकी आदत रही है. सभापति का विशेषाधिकार है और अभी उनका कोई फैसला नहीं आया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्ष के नेता को गंभीरता से अपनी बात रखनी चाहिए. सभापति का जो भी फैसला होगा, वह तर्कपूर्ण होगा.
प्रशांत किशोर ने कानूनी लड़ाई के दिए संकेत
दो निर्दलीय सदस्यों की ओर से बीजेपी को समर्थन दिए जाने के मामले पर प्रशांत किशोर ने कहा कि सभापति ने जो निर्णय लिया है, उसके आधार पर कानूनी रास्ता अपनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि पूरे बिहार ने देखा है कि 24 घंटे के भीतर इस मामले में किस तरह का घटनाक्रम हुआ. सरकार और उससे जुड़े लोगों से इस मामले में गलती हुई है या नहीं, यह सवाल है. उन्होंने कहा कि इस मामले को आगे ले जाना उनका अधिकार है.
बंशीधर ब्रजवासी बोले- जनहित के मुद्दों पर करेंगे काम
विधान परिषद सदस्य बंशीधर ब्रजवासी ने कहा कि तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष हैं, इसलिए सवाल उठाना उनका अधिकार है. लेकिन जनता ने जिन मुद्दों को लेकर उन्हें सदन में भेजा है, उन पर काम करना उनकी प्राथमिकता होगी.
रिपोर्ट: सनी कुमार