)
समस्तीपुर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में NH-122B के किनारे एक अनियंत्रित बोलेरो ने सड़क किनारे बैठे लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग जख्मी हो गए. मिली जानकारी के अनुसार, ये घटना मोहनपुर ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या-3 की है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मृतकों की पहचान मोहनपुर वार्ड 3 निवासी खोभारी ठाकुर के पुत्र पप्पू ठाकुर और नरेश ठाकुर के पुत्र विकास ठाकुर के रूप में हुई है.
सांप ने काटा था, रात में जगना था
हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों को मोहनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घायलों में एक लड़का भी शामिल है, जिसका सांप काटने के बाद रात्रि में जगा कर रखने को कहा गया था उसका हाथ टूट गया. इस घटना के बाद से ही गांव में मातम पसरा हुआ है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
अनियंत्रित बोलेरो ने मार दी टक्कर
बताया जा रहा है कि विकास ठाकुर के बेटे को रात में सांप ने काट लिया था. इसके बाद परिजन उसे झाड़-फूंक कराने के लिए भगत के पास ले गए थे. वहां से घर लौटने के बाद भगत ने लड़के को रातभर जगाकर रखने की सलाह दी थी. इसी दौरान वह गांव के कुछ अन्य लोगों के साथ सड़क किनारे घूम रहा था. तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी.
सांप काटने वाले लड़के का हाथ टूटा
हादसे में पप्पू ठाकुर और विकास ठाकुर (जिसे सांप ने काटा था उसके पिता) की जान चली गई, जबकि तीन घायल हो गए. घायलों में सांप काटने वाले लड़के का हाथ भी टूट गया है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. फिलहाल, अज्ञात बोलेरो वाहन की टक्कर से हुए इस हादसे को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है.
रिपोर्ट: मंटुन कुमार रॉय