कानून-व्यवस्था पर सवाल: पिछले 24 घंटे में लूट-हत्या और गोलीबारी की वारदातों से दहला बिहार!
बीते 24 घंटे में बिहार के कई जिलों से अपराध की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं. जमुई जिले में बेखौफ बदमाशों ने एक अधेड़ की हत्या कर दी. तो वहीं, बेगूसराय में रंगदारी को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है. उधर, नवादा में एक ज्वेलरी कारोबारी को लूट लिया गया.
बीते 24 घंटे में बिहार के कई जिलों से अपराध की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं. इसी कड़ी में जमुई जिले में बेखौफ बदमाशों ने एक अधेड़ की टांगी से काटकर निर्मम हत्या कर दी. मृतक की पहचान चंद्रदीप थाना क्षेत्र अंतर्गत हाबुनगर गांव निवासी तुलसी यादव के 50 वर्षीय बेटे अमीरक यादव के रूप में हुई है. सूचना के बाद मौके पर दो घंटे बाद पहुंची पुलिस को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा. इस दौरान आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित परिजन काफी देर तक अड़े रहे और शव को उठाने से रोक दिया गया. किसी तरह से लोगों को समझा-बूझाकर शांत किया गया और रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप
मृतक के बेटे दीपक कुमार ने गांव के ही सरेख यादव, संतोष कुमार यादव, अशोक यादव, अनिल यादव और मनोज यादव के अलावा तीन अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. पीड़ित ने बताया कि करीब 2 महीने पहले खेत में मवेशी जाने को लेकर झगड़ा हुआ था. हालांकि, बाद में सबकुछ सामान्य हो गया था. उसने बताया कि उनके पिता अमीरक यादव खेत की ओर मानपुर बहियार गए थे. इसी दौरान प्लानिंग के तहत पहले से घात लगाए उक्त लोगों की ओर से टांगी और खंती से हमला कर दिया गया. पीड़ित बेटे के मुताबिक, हत्यारों ने उसके पिता के साथ मारपीट भी की थी. उनके दोनों हाथ-पैर तोड़ दिए थे. इसके बाद धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी.
बेगूसरायः रंगदारी को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग
उधर, बेगूसराय के छौड़ाही थाना क्षेत्र में 20 लाख रुपये रंगदारी की मांग को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है. आरोप है कि यहां हथियारबंद कुछ अपराधियों ने एक घर को निशाना बनाकर 10 राउंड से अधिक फायरिंग की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. मामला छौड़ाही थाना क्षेत्र के नारायणपीपर पंचायत के वार्ड संख्या 18 का है. घटना को लेकर बताया जा रहा है कि देर रात करीब 3 बजे काली स्कॉर्पियो से आधा दर्जन हथियारबंद लोग पहुंचे और एक घर पर फायरिंग शुरू कर दी. पीड़ित परिवार का आरोप है कि अपराधियों ने 20 लाख रुपये रंगदारी की मांग की और दो दिनों के अंदर रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. नारायणपीपर निवासी विजय कुमार ने छौड़ाही थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की शिकायत की है.
काली स्कॉर्पियो से आए थे बदमाश
विजय कुमार के मुताबिक, रात में परिवार के सभी लोग घर में सो रहे थे. इसी दौरान अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर परिवार के लोग जागे और मुख्य दरवाजे की ओर पहुंचे. पीड़ित का आरोप है कि दरवाजा खोलने पर कुछ हथियारबंद लोग फायरिंग करते और गाली-गलौज करते नजर आए. आरोप है कि अपराधियों ने 20 लाख रुपये रंगदारी की मांग को लेकर धमकी दी और कहा कि दो दिनों के अंदर रुपये नहीं दिए गए तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा. शिकायत के मुताबिक, सभी आरोपी काली स्कॉर्पियो से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए. घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है.
घटना को लेकर गांव वालों में गुस्सा
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा देने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही मंझौल एसडीपीओ और छौड़ाही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए 10 खोखे, एक जिंदा कारतूस और एक जोड़ी चप्पल बरामद किए हैं. पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से इलाके में भय का माहौल बन गया है. पुलिस प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.
नवादा में ज्वेलर्स से लूटपाट
वहीं, नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत पांचू कचहरी के पास बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग भी की, हालांकि कारोबारी बाल-बाल बच गया. जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी प्रमोद वर्मा हिसुआ बाजार में सोना-चांदी की दुकान चलाते हैं. रोज की तरह दुकान बंद करके घर लौट रहे थे. इसी दौरान पांचू कचहरी के पास पहले से घात लगाए दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. अपराधियों ने हथियार के बल पर उनका बैग छीन लिया और भागने लगे.
बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए एक गोली चला दी, जो प्रमोद वर्मा के कान को छूते हुए निकल गई. गोली की आवाज सुनते ही वे जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनकी जान बच गई. पीड़ित के अनुसार, बैग में करीब 9 हजार रुपये नकद थे. घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राहुल सिंह और हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है.
जमुई से अभिषेक, बेगूसराय से जितेंद्र और नवादा से यशवंत की रिपोर्ट