'महाराष्ट्र हो या गुजरात, ऑस्ट्रेलिया या जापान, पूरी दुनिया में होती है छठी मैया की पूजा', विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार ने कहा- भव्य होगा महापर्व
बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जोरों से चल रही हैं. छठ की तैयारियां का जायजा बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने लिया. साथ ही गयाजी के कई छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि भव्य और बेहतर तरीके से महापर्व संपन्न होगा.
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने गयाजी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि लोक आस्था का महान पर्व छठ पर्व 13 तारीख से शुरू होने जा रहा है. 13 तारीख को नहाय-खाय है. 14 को लोहंडा होगा. 15 को प्रथम अर्घ्य है और 16 को पारण होगा. पूरे राज्य में एक बेहतर तैयारी की गई है. घाटों की सफाई, नदियों की सफाई और आने वाली जो पूजा-अर्चना करने वाली महिलाएं, माताएं, बहनें जो होंगी, उनके लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है. गयाजी में नगर निगम गया के द्वारा बहुत बेहतर सफाई की व्यवस्था की गई है. जिला पदाधिकारी गया, एसएसपी और एसडीओ साहब, तमाम जो अधिकारी हमारे हैं, सब लोग लगे हुए हैं.
उन्होंने कहा कि कल देख रहे थे अखबार में हम कि उनका भी दौरा हुआ है, जिला प्रशासन का, और आज मैं भी अभी हम लोग गए थे प्रथम रामेश्वर घाट गए थे, तो अच्छी तैयारी चल रही है. दूसरा हम लोग आए इसमें ब्राह्मणी घाट, तीसरा देव घाट, सूर्य कुंड, अब आगे भी जाना है, मानपुर जाएंगे. सूर्य पोखरा मानपुर घाट, वहां भी जाएंगे और आगे बोधगया. कुल मिलाकर छठ पर्व के मौके पर जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से सफाई हो, लाइट का इंतजाम हो, आने-जाने में जहां पर कुछ कठिनाई हो रही है, वहां पुल बनाए जा रहे हैं. बहुत भव्य तैयारी है.
विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि अन्य वर्षों की भांति इस बार और अच्छा होगा और हम लोग देख रहे हैं, निगरानी भी की जा रही है. एक ओर जहां बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा भी राजधानी पटना को सजाया जा रहा है, उसी तरह गया जी को भी हमारा जिला प्रशासन के सहयोग से और अनेक स्वयंसेवी संगठन जो यहां पर हैं, वे लोग भी कैंप लगाते हैं. कैंप लगाकर के छठ व्रतियों को फल वितरण करने का काम, जल वितरण करने का काम, चाय का कैंप, तो इस तरह से मैं देखता हूं कि बड़ी संख्या में एनजीओ, सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठन भी विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाकर छठ व्रती माता-बहनों की सेवा करते हैं.
उन्होंने कहा कि आज तो मैं देख रहा हूं, बिहार ही नहीं पूरे देश के पैमाने पर, हर राज्यों में बड़े पैमाने पर, महाराष्ट्र हो, गुजरात हो, दिल्ली हो, देश के अन्य राज्यों में बड़े पैमाने पर छठ, भगवान भास्कर को याद करते हैं. और देश के बाहर भी देख रहे हैं, मैं भी गया था न्यूजीलैंड और सिडनी गए थे, ऑस्ट्रेलिया गए, वहां भी बड़ी संख्या में लोग छठ व्रत पूजा करते हैं. जापान में हम देख रहे थे कि जो जापान मुल्क के लोग हैं, वहां के रहने वाले लोग, वे लोग भी कर रहे हैं. पूरी दुनिया में लोक आस्था का महान पर्व भगवान भास्कर को याद करते हैं.
डॉ प्रेम कुमार ने आगे कहा कि चार दिन का यह पर्व जो है, काफी महत्व रखता है. उसके लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन, नगर निगम, सभी विभाग जो हैं, काफी सक्रियता के साथ, सामाजिक-धार्मिक संगठन भी आगे आकर के शहर को साफ करने में और कई प्रकार के स्टॉल लगाकर के फल, चाय, पानी देने का काम कर रहे हैं. कुल मिलाकर बहुत अच्छी तैयारी है और हम आशा करते हैं कि बड़ी संख्या में घाटों पर जब लोग आएंगे, तो पुलिस विभाग की तरफ से भी नियंत्रण लगाया जा रहा है, सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी. सरकार के सारे विभाग काफी एक्टिव हैं, आशा हम करते हैं कि आने वाला लोक आस्था का महान पर्व बहुत बेहतर तरीके से संपन्न होगा.
रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा
यह भी पढ़ें: मुंगेर में गंगा की धारा के बीच सीताचरण, जहां माता सीता ने की थी सूर्योपासना, जानें छठ की अनूठी परंपरा