SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

98 लाख के वेतन घोटाले में भागलपुर DEO और DPO सस्पेंड, अब विभागीय कार्रवाई की तैयारी

भागलपुर में 98 लाख के फर्जी वेतन भुगतान मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी और डीपीओ पर गाज गिरी है. जिलाधिकारी ने दोनों के सस्पेंड कर दिया है. अब विभागीय कार्रवाई की तैयारी चल रही है.

Edited By Shailendra
Published: Oct 22, 2026, 10:55 PM IST | Updated: Oct 22, 2026, 11:03 PM IST
Image Credit: 98 लाख के फर्जी वेतन भुगतान मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी और डीपीओ पर गिरी गाज (Z News)
Join

भागलपुर के शिक्षा विभाग में सरकारी खजाने से 98 लाख रुपये से अधिक के कथित फर्जी भुगतान का मामला सामने आने के बाद अब अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू हो गई है. जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार और डीपीओ स्थापना शशि चंद चौधरी को निलंबित कर दिया गया है. डीडीसी की जांच रिपोर्ट के बाद डीएम अलंकृता पांडे ने कार्रवाई की है.

दरअसल, यह पूरा मामला एक कथित फर्जी शिक्षिका के नाम पर वेतन भुगतान से जुड़ा है. जांच में सामने आया कि एचआरएमएस (HRMS) पोर्टल पर आईडी तैयार कर सुल्तानगंज प्रखंड की विशिष्ट शिक्षिका बताई जा रही तनुश्री के नाम पर 98 लाख 12 हजार 773 रुपये का भुगतान किया गया. इस मामले में संविदा पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर अविनाश की भूमिका भी जांच के घेरे में आई है. 

मामला उजागर होने के बाद पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर अविनाश, डीईओ चंदन कुमार और डीपीओ स्थापना शशि चंद चौधरी समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी. इसके बाद डीडीसी ने पूरे मामले की जांच की और रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी. जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों अधिकारियों को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है.

निलंबन के साथ ही दोनों अधिकारियों के खिलाफ आरोप-पत्र गठित कर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है. निलंबन अवधि में डीईओ चंदन कुमार का मुख्यालय पूर्णिया प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय और डीपीओ स्थापना शशि चंद चौधरी का मुख्यालय दरभंगा प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय निर्धारित किया गया है, लेकिन इस पूरे प्रकरण ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

आखिर फर्जी आईडी के जरिए लाखों रुपये का भुगतान होता रहा और इसकी भनक समय रहते क्यों नहीं लगी? भुगतान की प्रक्रिया में दस्तावेजों के सत्यापन और निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी? क्या इस गड़बड़ी को पहले ही रोका जा सकता था?

फिलहाल, दो अधिकारियों के निलंबन के बाद अब पुलिस जांच और विभागीय कार्रवाई पर नजर है. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस कथित घोटाले में किन लोगों की क्या भूमिका रही और सरकारी राशि के भुगतान में हुई गड़बड़ी के लिए कौन जिम्मेदार है? सवाल यह है कि आखिर शिक्षा विभाग में फर्जी आईडी के जरिए इतनी बड़ी रकम का भुगतान कैसे हो गया और इस पूरे मामले में किसकी कितनी जिम्मेदारी है?

रिपोर्ट: अश्वनी कुमार

यह भी पढ़ें: बिहार में 3 एसपी और 54 डीएसपी का तबादला, देखें पूरी ट्रांसफर लिस्ट

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES