SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

15 करोड़ की लूट, बेखौफ अपराधी और कब तक हाथ मलती रहेगी बेतिया पुलिस? लुटेरों की पहचान का दावा, लेकिन...

बेतिया में 18 नवंबर को सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में बिहार की सबसे बड़ी डकैती हुई थी. इस घटना ने बेतिया पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. बिना मास्क लूटकर अपराधी फरार हो गए. CCTV में पूरी वारदातकैद हो गई, फिर भी पुलिस के हाथ अबतक खाली है.

Edited By Shailendra
Published: Nov 23, 2026, 21:57 IST | Updated: Nov 23, 2026, 22:22 IST
Image Credit: बिना मास्क लूटकर भागे अपराधी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, फिर भी पुलिस के हाथ खाली (Z News)
Join

बेतिया में हुए सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में 15 करोड़ की लूट ने बिहार पुलिस के दामन में ऐसा दाग लगा दिया है, जो किसी भी डिटर्जेंट से नहीं छुड़ाया जा सकता है. बेतिया में हुई बिहार की इस सबसे बड़ी डकैती की जब-जब चर्चा होगी, तो एसएसपी कुमार गौतम का भी जिक्र किया जाएगा. एसएसपी कुमार गौतम के कार्यकाल में हुई इस सबसे बड़ी लूट ने पुलिस के दामन को दागदार कर दिया है. खुद पुलिस कप्तान कुमार गौतम के दामन में भी दाग लग गया है. जब बड़ी लूट की चर्चा होगी, तो एसएसपी कुमार गौतम के कार्यकाल की चर्चा होगी.

18 नवंबर को आठ अपराधियों ने सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में 15 करोड़ की बड़ी लूट को अंजाम देकर फरार हो गए थे. हथियारबंद अपराधियों ने लगभग बीस मिनट तक लूट को अंजाम दिया था. बेतिया के सबसे व्यस्त पॉश एरिया में हुई इस भीषण डकैती ने पूरे बिहार को झकझोर दिया था. एसपी कार्यालय से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर अपराधियों ने ऐसा तांडव मचाया, जिसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दी, लेकिन बेतिया पुलिस को भनक तक नहीं लग पाई थी. अपराधी शोरूम को लूटकर फरार हो गए, तब पुलिस को जानकारी मिली. बेतिया में लचर पुलिसिंग की वजह से अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट को अंजाम देकर फरार हो गए. लूट का सीसीटीवी फुटेज बेखौफ अपराधियों के मनोबल को सातवें आसमान पर दिखा रहा है. बिना मास्क लगाए लूट को अंजाम देकर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है.

सूचना पर पहुंचे चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय और एसएसपी कुमार गौतम लगभग पांच से सात घंटे तक शोरूम में जांच-पड़ताल करते रहे. पुलिस ने शुरुआती चार घंटे के अंदर ही लूट में शामिल सभी अपराधियों की शिनाख्त कर ली. अपराधियों के तार समस्तीपुर, हाजीपुर और वैशाली से जुड़े हैं. पुलिस ने दो दिन में अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा भी किया था, लेकिन अभी गिरफ्तारी की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है.

बिहार के इस सबसे बड़े लूटकांड में आधा दर्जन से अधिक टीमें बनाई गई हैं. बिहार एसटीएफ खुद कई ठिकानों पर रेड कर चुकी है. मामले में एसआईटी टीम का गठन हुआ है. समस्तीपुर, हाजीपुर और वैशाली में बेतिया पुलिस कैंप कर रही है. सूत्रों की मानें तो लूट में शामिल सभी अपराधियों की पहचान कर ली गई है. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. लूटे गए आभूषणों की बरामदगी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. सूत्रों की मानें तो पुलिस बहुत जल्द मामले का खुलासा कर सकती है.

सवाल

बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को ऐसी चुनौती दी कि बिना मास्क लगाए ही शोरूम में लूट को अंजाम दे दिया. पुलिस जांच में सभी अपराधियों की पहचान भी कर ली गई है. समस्तीपुर, वैशाली और हाजीपुर के अपराधी बताए जा रहे हैं. सभी की पहचान सीसीटीवी फुटेज से कर ली गई है. लेकिन घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी अपराधी न ही गिरफ्तार हुए हैं और न ही लूटे गए आभूषणों की बरामदगी हो पाई है. सवाल उठ रहा है कि सब कुछ शीशे की तरह साफ है, तो पुलिस किसी नतीजे पर क्यों नहीं पहुंच पाई है?

सूत्रों की मानें तो पुलिस बिहार, यूपी, झारखंड और नेपाल तक छापेमारी अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है. पुलिस की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि पुलिस की जांच कहां तक पहुंची है.

इस पूरे मामले में पुलिस ने दावा किया था कि दो दिन में लूट का उद्भेदन कर दिया जाएगा, लेकिन अभी तक सभी दावे हवा-हवाई साबित हुए हैं.

वहीं, बेतिया के प्रबुद्धजनों का कहना है कि बिहार की सबसे बड़ी इस लूट ने बिहार पुलिस के दामन में ऐसा दाग लगा दिया है, जो दशकों तक याद रखा जाएगा. जब-जब इस लूट की चर्चा होगी, तो बेतिया एसएसपी कुमार गौतम की भी चर्चा होगी. उन्हीं के कार्यकाल में बेखौफ अपराधियों ने बिहार की सबसे बड़ी डकैती को अंजाम दिया था. प्रबुद्धजनों का कहना है कि लूट का तो खुलासा होकर रहेगा, अपराधी सलाखों के पीछे भी जाएंगे, लेकिन पुलिस और एसएसपी के दामन में लगा यह दाग नहीं धुलेगा.

रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी

यह भी पढ़ें: सायरन बजता रहा, पुलिस सोती रही! 20 मिनट में लुट गए 15 करोड़ के गहने, बेतिया में बिहार की सबसे बड़ी डकैती

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES