आरा में माहौल बिगाड़ने के फेर में असामाजिक तत्व: दुर्गा पूजा के दो पंडालों में आग लगाने की कोशिश, घर के बाहर खड़ी बाइक फूंकी
भोजपुर जिले में कुछ असामाजिक तत्वों ने सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की. गनीमत रही कि वे अपने मकसद में सफल नहीं हो सके और जिले का माहौल नहीं बिगड़ा. त्योहारों के दौरान ऐसे तत्व अकसर सक्रिय हो जाते हैं और शांति एवं सौहार्द को इनकी नजर लग जाती है.
आरा शहर के नगर थाना क्षेत्र के भलूहीपुर इलाके में कल देर रात असामाजिक तत्वों ने दुर्गा पूजा के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की है. बदमाशों ने दुर्गा पूजा के लिए तैयार किए गए दो पंडालों में आग लगाने की कोशिश की. इस दौरान मंदिर में लगी सीरीज लाइट को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जबकि एक घर के बाहर खड़ी बाइक को आग के हवाले कर दिया गया. बाइक में आग लगने से घर में धुएं का गुबार फैल गया. घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पहले बाइक में लगी आग बुझाई. इसके बाद दोनों पंडालों में पानी डालकर आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझाने से बड़ा हादसा टल गया. सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी.
घटना के बारे में वार्ड संख्या 31 निवासी मुन्ना पांडेय ने बताया कि दुर्गा पूजा को लेकर मंदिर और पंडालों में सजावट सहित अन्य तैयारियां पूरी की जा रही थीं. रात में काम पूरा करने के बाद सभी लोग अपने-अपने घर चले गए थे. इसी दौरान देर रात मोहल्ले में आग लगने की सूचना मिली. वे लोग तुरंत पंडाल के पास पहुंचे तो देखा कि एक बाइक में आग लगी हुई है.
उन्होंने बताया कि बाइक की आग बुझाने के दौरान एक लड़की ने बताया कि पंडाल में भी आग लगाने की कोशिश की गई है. इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने एकजुट होकर दोनों पंडालों में लगी आग बुझाई. मुन्ना पांडेय के अनुसार, पंडाल में माचिस से आग लगाने की कोशिश की गई थी. मंदिर में लगी सीरीज लाइट भी तोड़ दी गई है.
इस पूरे मामले में भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने लोगों शांति बहाल करने की अपील की है, जबकि पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि भलूहीपुर में कुछ असामाजिक तत्वों की ओर से इस तरह की घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इस पूरे प्रकरण पर एसपी भोजपुर ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है. उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. भोजपुर पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर है.
रिपोर्ट: मनीष कुमार सिंह