SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मुजफ्फरपुर मे गंडक नदी का एक और बांध टूटा: माधोपुर हजारी में सैकड़ों घरों में घुसा पानी, सारण के पानापुर में हेलीकॉप्टर से बांटी गई राहत सामग्री

पश्चिम चंपारण में चंपारण तटबंध 4 जगहों से टूट गया है. अब मुजफ्फरपुर में गंडक नदी का तटबंध टूटने की खबर सामने आ रही है. बिहार में बाढ़ की तबाही रुकने का नाम नहीं ले रही है. प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद अब भी सैकड़ों लोगों का पुनर्वास नहीं हो पाया है.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Sunil Mishra
Published: Oct 01, 2026, 06:53 PM IST | Updated: Oct 02, 2026, 01:07 PM IST
Image Credit: मुजफ्फरपुर के माधोपुर हजारी गांव में पुराना रिंग बांध टूट गया, जिससे कई घरों में पानी भर गया. (Video Grab)
Join

मुजफ्फरपुर से एक बड़ी खबर आई है. वहां साहेबगंज प्रखंड के माधोपुर हजारी गांव में पुराना रिंग बांध टूट गया है. 24 घंटे पहले ही पारू प्रखंड के जयमल डुमरी में तटबंध टूटा था और अब साहेबगंज के माधोपुर हजारी में यह घटना हुई है. तटबंध टूटने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का आलम है. बाढ़ का पानी तेजी से नए इलाकों में फैल रहा है, जिससे स्थिति गंभीर होती जा रही है. निचले इलाकों के लोग पहले से ही सतर्क थे और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है.

तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही डीएम कुमार गौरव मौके पर पहुंचे, वहीं बाढ़ पीड़ितों को राहत और बचाव के लिए अधिकारियो को खास निर्देश दिए गए. मौके पर NDRF की टीम की तैनाती की गई है, जो घरों मे फंसे लोगों का रेस्क्यू कर रही है.

ग्रामीणों का कहना है कि गुरुवार को अचानक रिंग बांध टूट गया, जिससे सैकड़ों घरों मे पानी घुस गया. हालांकि, अभी मेन बांध सुरक्षित है, लेकिन लोग दहशत मे हैं.

ड्राई राशन के एयर ड्रॉप के लिए पटना स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर ने भरी उड़ान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर सारण जिले के पानापुर प्रखंड में ड्राई राशन के एयर ड्रॉप के लिए स्टेट हैंगर, पटना से हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी. बाढ़ पीड़ितों के लिए जिला प्रशासन, सारण की ओर से सरकार से अतिरिक्त राशन पैकेट्स की मांग की गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर गोरखपुर से हेलीकॉप्टर मंगवाया गया और उसके माध्यम से राशन पैकेट्स को एयर ड्रॉप के लिए भेजा गया. 

राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में प्रभावित एवं आपदा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश कर रही है. प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपदा प्रभावित लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम तत्परता से उठाए जा रहे हैं.

मोतिहारी में गंडक नदी का कम हुआ कहर

मोतिहारी में गंडक नदी के जलस्तर में करीब चार फीट कमी आई है. इससे प्रशासन और आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिली है. प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में सामुदायिक किचन और मेडिकल कैम्प लगाकर बाढ़ प्रभावितों को राहत दी जा रही है. डीएम और एसपी खुद सामुदायिक किचन जाकर बाढ़ प्रभावित लोगों को खाना परोस रहे हैं. मेडिकल कैम्प में बाढ़ प्रभावित लोगों का हाल-चाल भी ले रहे हैं.

अरेराज प्रखंड के नवादा पंचायत अन्तर्गत नोनिया टोला बाढ़ शरण स्थली का डीएम और एसपी ने जायजा लिया. वहां सिविल सर्जन ने बताया कि पिछले तीन दिनों में बाढ़ प्रभावित अंचलों में मेडिकल कैंप में लगभग 4,000 लोगों का हेल्थ चेक किया गया है. ढाई हजार से ज्यादा लोगों को आवश्यक दवाइयां दी गई है. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES