SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अनंत सिंह की बगावत पर JDU का जवाब: श्रवण कुमार बोले ललन बाबू और संजय झा की बातचीत के बाद होगा फैसला

बिहार विधान परिषद चुनाव में जेडीयू विधायक अनंत सिंह के जन सुराज के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने से सियासी हलचल तेज हो गई है. मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मामले को सुलझाने की जिम्मेदारी ललन बाबू को दी गई है.

Reported By Zee Bihar Network Edited By Rupak Kumar
Published: Oct 04, 2026, 05:32 PM IST | Updated: Oct 04, 2026, 05:46 PM IST
Image Credit: श्रवण कुमार, जेडीयू नेता और ग्रामीण विकास विभाग मंत्री (zee media)
Join

बिहार विधान परिषद चुनाव में जेडीयू विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के खिलाफ खुलकर मैदान में आ गए हैं. अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मंत्री श्रवण कुमार के गृह जिले नालंदा पहुंचकर जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार किया और पीला गमछा भी लहराया. अपनी पार्टी के विधायक की इस खुली बगावत पर प्रतिक्रिया देते हुए जेडीयू नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इस पूरे मामले को सुलझाने का जिम्मा आदरणीय ललन बाबू को दिया है. श्रवण कुमार ने कहा कि ललन बाबू और संजय झा के बीच बातचीत के बाद ही इस मामले का अंतिम फैसला सामने आएगा और वही लोग इसका सही जवाब दे सकते हैं.

विपक्ष के दावों पर श्रवण कुमार का पलटवार
जेडीयू में मची इस अंदरूनी कलह के बीच विपक्ष द्वारा जेडीयू की साख गिरने के दावों पर श्रवण कुमार ने करारा पलटवार किया. उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गिराने वाले लोग लगातार पार्टी की साख गिराने की कोशिश करते रहते हैं, लेकिन जब-जब वे ऐसा करते हैं, जेडीयू की टीआरपी और बढ़ जाती है. लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि विपक्ष दावा कर रहा था कि इस बार जेडीयू पूरी तरह साफ हो जाएगी, लेकिन पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 सीटें जीतीं.

विपक्ष जेडीयू को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है
उन्होंने कहा कि अब विधानसभा चुनाव को लेकर भी विपक्ष यह अफवाह फैला रहा है कि जेडीयू 'बी टीम' बनकर बीजेपी में विलीन हो जाएगी, लेकिन जनता उनके बहकावे में नहीं आने वाली है. श्रवण कुमार ने कहा कि विपक्ष लगातार जेडीयू को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन पार्टी की स्थिति मजबूत है और जनता विपक्ष के दावों पर भरोसा नहीं करेगी.

एनडीए में बिखराव के दावे को किया खारिज
एमएलसी चुनाव में एनडीए के बिखराव की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए श्रवण कुमार ने दावा किया कि पूरा एनडीए पूरी तरह से इंटैक्ट है. उन्होंने कहा कि सिर्फ जेडीयू ही नहीं, बल्कि पूरा एनडीए अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरी क्षमता और ताकत झोंक रहा है. श्रवण कुमार ने जोर देकर कहा कि पटना निर्वाचन क्षेत्र के साथ-साथ राज्य में जिन अन्य चार जगहों पर चुनाव हो रहे हैं, वहां भी एनडीए के सभी दल एकजुट होकर अपने प्रत्याशी की जीत के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.

रिपोर्ट: रूपेंद्र श्रीवास्तव

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ZEENEWS TRENDING STORIES