SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रिहाई रद्द होने के बाद आनंद मोहन का बयान, बोले- 12 मिनट में कैसे तय होती 67 KM की दूरी? जी कृष्णैया हत्याकांड में मैं निर्दोष

सुप्रीम कोर्ट से रिहाई रद्द होने और एक महीने में सरेंडर के आदेश के बाद आनंद मोहन ने सहरसा में अपना पक्ष रखा. उन्होंने फैसले का सम्मान करते हुए जी कृष्णैया हत्याकांड में खुद को निर्दोष बताया और गिरफ्तारी के समय पर सवाल उठाए.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 27, 2026, 20:07 IST | Updated: Nov 27, 2026, 20:10 IST
Image Credit: Anand Mohan
Join

सुप्रीम कोर्ट से रिहाई रद्द होने और एक महीने के भीतर सरेंडर करने के आदेश के बाद पूर्व सांसद आनंद मोहन ने शुक्रवार को बिहार के सहरसा में अपना पक्ष रखा. वह अपने पैतृक गांव पंचगछिया पहुंचे, जहां भगवती स्थान मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद ग्रामीणों के साथ बैठक की और मीडिया से बातचीत की. आनंद मोहन ने कहा कि वह कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया हत्याकांड में खुद को निर्दोष मानते हैं. उन्होंने कहा कि उनके पक्ष को शुरू से नजरअंदाज किया गया.

कोर्ट के फैसले का सम्मान, लेकिन खुद को बताया निर्दोष
आनंद मोहन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले को वह पूरी विनम्रता और शालीनता के साथ स्वीकार करते हैं. हालांकि, उनका कहना है कि इस मामले में उनके पक्ष को ठीक से नहीं सुना गया. उन्होंने कहा कि वह अब लोगों के बीच जाकर अपनी बात रखेंगे. इसके लिए शनिवार को पटना में बैठक करने की भी बात कही.

पंचगछिया में उनके पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे. मंदिर में पूजा के बाद उन्होंने ग्रामीणों से आशीर्वाद लिया और उनके साथ बातचीत की.

67 किलोमीटर की दूरी 12 मिनट में तय करने पर उठाया सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आनंद मोहन ने तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया की हत्या के मामले में अपनी गिरफ्तारी के समय पर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि FIR में घटना का समय दोपहर 3 बजकर 15 मिनट दर्ज है, जबकि उनकी गिरफ्तारी करीब 67 किलोमीटर दूर हाजीपुर के एक रेलवे क्रॉसिंग से 3 बजकर 28 मिनट पर हुई थी.

आनंद मोहन ने सवाल किया कि महज 12 से 13 मिनट में इतनी दूरी कैसे तय की जा सकती है? उन्होंने कहा कि उस समय सड़कें भी खराब थीं और जगह-जगह गड्ढे थे. उनके मुताबिक, हेलीकॉप्टर से भी इतनी दूरी तय करने में टेकऑफ और लैंडिंग का समय लगता.

घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षा बलों का दिया हवाला
आनंद मोहन ने घटना के समय मौके पर मौजूद सुरक्षा व्यवस्था का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस दिन करीब 115 आर्म्ड फोर्स के जवान, दो एसडीओ, दो डीएसपी, इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर वहां मौजूद थे. डीएम के साथ बॉडीगार्ड और चालक भी थे.

उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद घटनास्थल से किसी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? आनंद मोहन के मुताबिक, इस मामले में करीब साढ़े तीन हजार अज्ञात लोगों और 37 नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था.

मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों को लेकर भी उठाए सवाल
आनंद मोहन ने मेडिकल अधिकारी के बयान का हवाला देते हुए भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कोर्ट में डॉक्टर से पूछा गया था कि कनपटी पर तीन गोली लगने के बाद कोई व्यक्ति कितनी देर जिंदा रह सकता है. उनके मुताबिक, डॉक्टर ने जवाब दिया था कि ऐसा व्यक्ति तीन सेकेंड भी जिंदा नहीं रह सकता. उन्होंने सवाल किया कि फिर करीब एक घंटा 40 मिनट तक किसका इलाज किया गया?

उन्होंने बॉडीगार्ड और ड्राइवर की गवाही का भी जिक्र किया. आनंद मोहन का दावा है कि दोनों ने कोर्ट में कहा था कि वे उन्हें और लवली आनंद को पहचानते हैं, लेकिन दोनों घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे.

लोगों के बीच जाकर अपनी बात रखने की तैयारी
आनंद मोहन ने कहा कि वह इस मामले में अपनी बात लोगों तक पहुंचाएंगे और अलग-अलग जगह जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि न तो उन्हें प्रत्यक्षदर्शी के तौर पर पेश किया गया और न ही गवाहों ने उन्हें घटनास्थल पर देखा, फिर भी उन्हें इस मामले में दोषी ठहराया गया.

सुप्रीम कोर्ट ने उनकी रिहाई रद्द करते हुए एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है. अब इस फैसले के बाद आनंद मोहन अपने पक्ष को सार्वजनिक रूप से रखने की तैयारी कर रहे हैं. हालांकि, हत्याकांड और अपनी गिरफ्तारी को लेकर उन्होंने जो सवाल उठाए हैं, वे उनके खुद के दावे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES