'सोने की खान पर बैठा है बिहार टूरिज्म', राजगीर के वीडियो पर फिदा हुए आनंद महिंद्रा, यूजर्स के रिएक्शन से भर गया कमेंट सेक्शन
उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने बिहार को टूरिज्म को 'सोने की खान' बताया. उन्होंने राजगीर का एक खूबसूरत वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. आनंद महिद्रा ने लिखा कि आज, यहां एक शानदार ग्लास स्काईवॉक, रोपवे, जंगली पहाड़ियां और पुराने स्मारक हैं.
बिहार... जहां इतिहास सांस लेता है और विरासत हर कोने में बसती है! जब देश के दिग्गज उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने बिहार को टूरिज्म को 'सोने की खान' कहा, तो इसकी चर्चा पूरे देश में होने लगी. हर कोई बिहार में ऐतिहासिक रूप से कई महत्वपूर्ण इतिहास को जानने के लिए उत्सुक नजर आया. इसकी बानगी आनंद महिंद्रा के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर किए गए पोस्ट में आए रिएक्शन से अंदाजा लगाया जा सकता है.
दरअसल, उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने राजगीर का एक वीडियो देखने के बाद उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया. साथ ही लिखा कि मुझे बिहार के राजगीर का यह वीडियो मिला और मैं बहुत उत्सुक हो गया. मुझे राजगीर के बारे में थोड़ा-बहुत पता था, लेकिन मैंने कभी इसे टूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर नहीं सोचा था. इसलिए मैंने इसके बारे में थोड़ा और पढ़ने का फैसला किया. यह एक फायदेमंद खोज साबित हुई.
उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि राजगीर 2,500 साल पहले मगध की राजधानी थी. बुद्ध और महावीर दोनों ने यहां समय बिताया था. यह शहर कभी बिना गारे के बनी लगभग 40 किलोमीटर लंबी एक बड़ी पत्थर की दीवार से घिरा हुआ था. आज, यहां एक शानदार ग्लास स्काईवॉक, रोपवे, जंगली पहाड़ियां और पुराने स्मारक हैं, लेकिन मेरे पढ़ने से मुझे बिहार के बारे में और बड़े पैमाने पर सोचने का मौका मिला.
आनंद महिंद्रा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि बोधगया, जहां बुद्ध को ज्ञान मिला था. नालंदा, जो प्राचीन दुनिया के सबसे बड़े शिक्षा केंद्रों में से एक है. वैशाली, जो सरकार के शुरुआती रिपब्लिकन सिस्टम में से एक से जुड़ा है. और पाटलिपुत्र, अशोक के मौर्य साम्राज्य की राजधानी. एक ही राज्य में इतिहास और विरासत का जबरदस्त जमावड़ा और फिर भी, अपने जरूरी तीर्थ स्थलों के अलावा, बिहार को टूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर काफी कम ध्यान मिलता है. मुझे ऐसा लग रहा है कि बिहार टूरिज़्म की सोने की खान पर बैठा है. यह सब सोचने का मौका राजगीर के एक वीडियो से मिला. यह याद दिलाता है कि हमारे अपने देश में अभी भी कितना कुछ देखने को बाकी है.
इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने कमेंट किया और अपना रिएक्शन दिया. एक यूजर ने लिखा कि बिहार में माता सीता का जन्म हुआ था. कर्ण अंग देश के शासक थे, बिहार में आज भी अंगिका बोली जाती है. गौतम बुद्ध और महावीर दोनों ने यहां समय बिताया और ज्ञान प्राप्त किया. सम्राट अशोक, चंद्रगुप्त मौर्य, चाणक्य, गुरु गोबिंद सिंह का जन्म पटना में हुआ था और मुंगेर स्कूल ऑफ योग है.
एक और यूजर ने लिखा कि बिहार में अवश्य जाएं, सुंदर मठों के लिए बोधगया, सासाराम-शेरशाह मकबरा, राजगीर-जिपलाइन, घोड़ा कटोरा, शांति स्तूप, पर्वत, चिड़ियाघर सफारी भी है. एक अन्य यूजर ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि हममें से ज्यादातर लोग छुट्टियों के लिए वही चार शहर बुक करते हैं और फिर शिकायत करते हैं कि वे भरे हुए हैं. राजगीर मगध की राजधानी थी और अब भी आम लिस्ट में नहीं है. भारत में और कितनी जगहें हैं जिन्हें हम सिर्फ इसलिए छोड़ देते हैं, क्योंकि वे ग्रुप चैट में कभी नहीं दिखतीं? इसी तरह तरह से सोशल मीडिया पर बिहार के पर्यटन स्थानों को लेकर भरमार है.
यह भी पढ़ें: 'सोनिया गांधी की आत्मकथा रद्दी का टुकड़ा...', राहुल गांधी पर भड़के मंत्री दिलीप जायसवाल