अंधविश्वास की हद है! झारखंड के पलामू में तंत्र-मंत्र के संदेह में बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या
अंधविश्वास की हद है! आज के वैज्ञानिक जमाने में जब इंसान एआई का यूज करने लगा है और उड़ने वाली कार चर्चाओं में है, तब भी गांवों से तंत्र-मंत्र की ऐसी खबरें आती हैं, जिसे सुनकर मन और मस्तिष्क हिल जाते हैं.
मेदिनीनगर: मानव चांद पर जा रहा है, एआई की तकनीक अब लोगों के दिनचर्या में शामिल होती जा रही है, ऐसे में तंत्र-मंत्र के नाम पर आज भी लोगों के जीवन से खिलवाड़ की बातें सामने आना चौंकाता है. नया मामला झारखंड के पलामू से आया है.झारखंड के पलामू जिले में तंत्र-मंत्र करने के संदेह में 61 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. घटना बुधवार सुबह नौडीहा बाजार प्रखंड की शाहपुर पंचायत के मांगराडीह गांव में हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान सीताराम के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक, गांव का ही 30 वर्षीय विवेक कुमार पिछले करीब 10 दिनों से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था. विवेक के परिजनों को संदेह था कि पड़ोस में रहने वाले सीताराम ने उस पर ओझा-गुणी या टोना-टोटका किया है. इसी संदेह को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की बात सामने आई है. आरोप है कि बुधवार सुबह इसी विवाद के दौरान सीताराम पर धारदार हथियार से हमला किया गया. हमले में उनकी मौत हो गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में पुलिस पहुंची और छानबीन शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों से मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस मृतक के परिजनों, पड़ोसियों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है.
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या को किसने अंजाम दिया. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कौन-कौन शामिल था और घटना के पीछे की परिस्थितियां क्या थीं. छतरपुर के डीएसपी प्रशांत कुमार के अनुसार, विवेक कुमार के परिवार के किस सदस्य की इस घटना में भूमिका है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है और संदिग्धों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
झारखंड के कुछ इलाकों में अंधविश्वास की इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं. कभी डायन बिसारी के नाम पर तो कभी तंत्र मंत्र के नाम पर लोगों का मर्डर कर दिया जाता है. कई बार तो कुछ लोग अपना उल्लू सीधा करने के लिए अंधविश्वास की बातों को बढ़ावा देते हैं और मौका मिलते ही मतलब साध लेते हैं.
-आईएएनएस