)
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष और अमौर विधायक अख्तरुल ईमान का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह दुल्हन की तुलना तवायफ से करते दिख रहे हैं. वीडियो में उन्होंने मुस्लिम समाज में शादी के दौरान दुल्हन की मुंह दिखाई, वलीमा में उपहार लेने और फिजूलखर्ची जैसी परंपराओं पर सवाल उठाए. उन्होंने शरीयत, समान नागरिक संहिता और मुसलमानों की सुरक्षा को लेकर भी बयान दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वह मुस्लिम समाज में प्रचलित विवाह की कुछ रस्मों और सामाजिक परंपराओं की आलोचना करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने शादी के बाद दुल्हन को सजाकर लोगों के सामने बैठाने की परंपरा पर तीखी टिप्पणी करते हुए इसकी तुलना तवायफों से कर दी. इसके अलावा वलीमा में उपहार और नकद राशि लेने की परंपरा, शादी में फिजूलखर्ची और धार्मिक पहचान से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी.
AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान ने कहा कि जिस तरह मुस्लिम समाज में शादी के बाद बहुओं को सजाकर नुमाइश के लिए बैठाया जाता है, वैसा तो तवायफ भी नहीं करती. बेटियों के सिर से दुपट्टा सरक गया है... सिर्फ सिर से ही नहीं, बल्कि सीने से भी दुपट्टा खिसक गया है. एक तरफ शादी के बाद बेटी बुर्का पहन लेती है. वहीं, 16 साल की युवतियां खुलेआम जुल्फें लहराती हैं. ऐसी शादियों में जाने से परहेज करिए जहां यह पता नहीं चलता कि ये जमीला है या सीता है.
दरअसल, एक जलसे को संबोधित करते हुए अख्तरुल ईमान ने शादी के बाद दुल्हन को सजाकर लोगों के सामने बैठाने और मुंह दिखाई की रस्म पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज में बहुओं को सजाकर लोगों के सामने नुमाइश के लिए बैठाया जाता है, जबकि उनके मुताबिक ऐसी परंपरा तवायफों में भी नहीं होती. उन्होंने मुस्लिम समाज में पहनावे और धार्मिक आचरण को लेकर भी टिप्पणी की. अख्तरुल ईमान ने कहा कि शादी के बाद बेटी बुर्का पहन लेती है, लेकिन कम उम्र की युवतियां खुलेआम जुल्फें लहराती हैं. उन्होंने इसे समाज के भीतर दोहरे रवैये का उदाहरण बताते हुए आत्ममंथन करने की बात कही.
रिपोर्ट: अमित कुमार सिंह