)
बिहार की सियासत में अनंत सिंह का नाम हमेशा से सुर्खियों में रहता है. मोकामा के बाहुबली और जदयू विधायक अनंत सिंह, जिन्हें उनके समर्थक प्यार से 'छोटे सरकार' भी कहते हैं. वह अपने बेबाक और ठेठ अंदाज के लिए जाने जाते हैं. जब भी वो मीडिया के सामने आते हैं, उनके बयान पर सियासी भूचाल आना तय माना जाता है. अब इसी तरह उन्होंने एक बार फिर से 16 अक्टूबर, 2026 दिन शुक्रवार को नीतीश कुमार को लेकर बयान दे दिया, जिससे पूरे सूबे की सियासी पारा गरमा गई. चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं कि अनंत सिंह के वो 5 बड़े बयान, जिससे बिहार में आ गया था सियासी तूफान.
अनंत सिंह का यह सनसनीखेज बयान राजनीति के गलियारों में सबसे चर्चा का मुद्दा बन गया है. विपक्ष इसको लेकर सरकार पर हमलावर है. दरअसल, जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अभी भी अपनी पार्टी का समर्थन करते हैं, तो जदयू विधायक अनंत सिंह ने कहा कि मेरे जितने बलिदान किसने दिए हैं? उस समय नीतीश कुमार कुछ भी नहीं थे, वे यहां-वहां घूमा करते थे. उस दौर में, नीतीश कुमार के साथ रहते हुए मैंने 9 लोगों की हत्या करवाई थी. हालांकि, उन्होंने अपने इस बयान पर यू-टर्न ले लिया और कहा कि हमारी बात को गलत चलाया गया.
14 अक्टूबर, 2026 दिन बुधवार को अनंत सिंह के एक यह बयान ने सियासी सनसनी मचा दी थी. मोकामा विधानसभा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर खुलकर बयान दिया था. उन्होंने अपने ठेठ अंदाज में नीरज कुमार पर निशाना साधा. जदयू विधायक अनंत सिंह ने कहा था कि हम पुदीना सिंह हैं, 23 तारीख को गैस निकाल देंगे.
1 अप्रैल, 2026 को जदयू विधायक अनंत सिंह ने बड़ा बयान देकर सियासी सनसनी मचा दी थी. सत्ता पक्ष के ही विधायक अनंत सिंह ने साफ शब्दों में कहा था कि भगवान भी मुख्यमंत्री बन जाएं, तब भी मर्डर नहीं रुकेगा. उन्होंने कहा था कि अपराध और हत्याएं ज्यादातर आपसी दुश्मनी और निजी विवादों का नतीजा होती हैं। हर घर के दरवाजे पर पुलिस तैनात नहीं की जा सकती, इसलिए सरकार चाहकर भी हर घटना को पूरी तरह नहीं रोक सकती।
अगस्त 2026 में पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनंत सिंह का एक बड़ा बयान दे दिया था. जब पत्रकारों ने उनसे उपेंद्र कुशवाहा के उस बयान के बारे में पूछा था, जिसमें वे नीतीश कुमार की विरासत संभालने की बात कर रहे थे, तो अनंत सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा था किहम कह रहे हैं कि हमको प्रधानमंत्री बनने का मन है... के बना देगा? यह बात उन्होंने जिस अंदाज में कही, वहां मौजूद हर कोई समझ गया कि वो राजनीति की बयानबाजी और नेताओं की महत्वाकांक्षाओं पर किस तरह कटाक्ष कर रहे थे.
बिहार एमएलसी चुनाव के लिए जब टिकट बांटे गए, तब अनंत सिंह नाराज हो गए. उन्होंने सीधे तौर पर जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार का खुलकर विरोध करना शुरू कर दिया. जदयू विधायक अनंत सिंह ने कहा था कि पार्टी ने बुड़बकई करके टिकट दे दिया है. उनके इस बयान के बाद जदयू के भीतर खासी खलबली मच गई थी, क्योंकि अपनी ही पार्टी के फैसलों पर इस तरह का खुला हमला करना किसी बड़े सियासी भूचाल से कम नहीं माना जाता है.