पीएम मोदी के बर्थडे पर बिहार में जलेंगे 2.5 करोड़ दीये, देश भर में एक महीने तक होंगे कई कार्यक्रम
पीएम मोदी के बर्थडे पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर ली गई है. राज्य स्तर पर, जिला स्तर पर, अनुमंडल स्तर पर और ब्लॉक या पंचायत स्तर तक इस कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को इस बार 25वां सेवा सम्मान समारोह के रूप में मनाया जाएगा. 17 सितंबर की शाम 7 बजे से बिहार के करीब 2.5 करोड़ घरों में एक साथ दीया जलाकर पीएम मोदी को आशीर्वाद देने का लक्ष्य रखा गया है. छपरा सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि पीएम मोदी के जन्मदिन के साथ उनके सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने का अवसर भी जुड़ा है. इसे लेकर देशभर में एक महीने तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
मंत्री ने कहा कि इस आयोजन में सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं को ही नहीं, बल्कि बिहार के आम लोगों को भी जोड़ने की योजना है. पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों को इस अभियान से जोड़ेंगे. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प माह को चार चरणों में पूरा किया जाएगा और प्रत्येक सप्ताह कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी.
17 सितंबर की शाम घर-घर दीया जलाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों, जन वितरण प्रणाली की दुकानों और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दीये लोगों तक पहुंचाने की योजना है.
राम कृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन देश के लिए सेवा, समर्पण और संकल्प का प्रेरणास्रोत है. उनके जन्मदिन को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ते हुए पूरे बिहार में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
सिंहेश्वर में 5,000 दीपों से जगमग होगा शिवगंगा घाट
पीएम मोदी के बर्थडे पर 17 सितंबर को सिंहेश्वर के प्रसिद्ध शिवगंगा घाट पर 5,000 दीये जलाए जाएंगे. इस दौरान लोगों को लड्डू बांटकर जन्मदिन का जश्न भी मनाया जाएगा. भाजपा नेता एमएलसी अनिल ठाकुर ने मधेपुरा में ये बातें कहीं. इस मौके पर भाजपा नेता आभाष झा ने कहा-
13 प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इस बार अभियान का नया नारा “जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा” रखा गया है. कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.