बिहार में अपराध बेलगाम: मधेपुरा में 12 साल के बच्चे की गला रेतकर हत्या, ग्रामीणों ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला
एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में कानून और व्यवस्था को लेकर हाई लेवल बैठक की थी और अधिकारियों को कई तरह के निर्देश दिए थे. दूसरे दिन ही मधेपुरा में इस तरह की वारदात से लगता है कि लोगों में पुलिस का डर बिल्कुल खत्म हो गया है.
बिहार के मधेपुरा जिले के घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इटहरी गांव में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना हुई. वहां वार्ड नंबर 2 में 12 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या कर दी गई. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी अनिल यादव की पिटाई कर दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. यह हाल तब है, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक दिन पहले ही राज्य के बड़े अधिकारियों की बैठक बुलाकर कानन और व्यवस्था दुरुस्त रखने का पाठ पढ़ाया था.
जानकारी के अनुसार, सुमित कुमार अपने दो साथियों के साथ शौच के लिए निकला था. इसी दौरान पुल के पास कथित तौर पर पहले से मौजूद अनिल यादव ने उसे पकड़ लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया. घटना देखकर बाकी दोनों बच्चे गांव पहुंचे और लोगों को इसकी जानकारी दी. वहां पहुंचे कुछ लोगों ने मासूम को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके. आरोप है कि हमलावर ने बचाने पहुंचे लोगों पर भी दबिया से हमला किया था.
READ ALSO: पटना में युवक की गोली मारकर हत्या: नेवा पुल के पास मिला मिट्ठू कुमार का शव, ऑटो से हुई मृतक की पहचान
घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए. ग्रामीणों ने आरोपी अनिल यादव को घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी. उसकी इतनी पिटाई कर दी कि उसकी भी मौत हो गई.
सूचना पर घैलाढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. मधेपुरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया. घटना में शामिल लोगों की पहचान कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई है. घटना के कारणों और पूरे मामले की विस्तृत जांच के बाद ही अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी.
एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना सुबह करीब 10:30 बजे मिली. मृत बालक सुमित कुमार, इटहरी गांव के वार्ड नंबर-2 निवासी सुनील ठाकुर का बेटा था. वहीं, कथित आरोपी अनिल यादव (करीब 45 वर्ष) बराही गांव के वार्ड नंबर-8 का निवासी था.
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार